नैनीताल। जिला न्यायालय में कार्यरत अधिवक्ता पर हमले और लूट के मामले में पीड़ित ने पुलिस पर शिकायत दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव को लिखित शिकायत सौंपी है।
अधिवक्ता गजेंद्र सिंह मेहरा ने बताया कि शुक्रवार शाम को वह अपने गांव मंगोली लौट रहे थे। इस दौरान गांव के पास एक व्यक्ति ने उन पर अचानक हमला कर दिया जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। आरोप लगाया कि पीटने वाले व्यक्ति ने न्यायालय से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज फाड़ दिए। मोबाइल फोन तोड़कर, सोने की अंगूठी व चेन छीन ली। उन्हें व उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने घटना की जानकारी डायल 112 पर दी। अगले दिन मंगोली चौकी और बाद में नैनीताल कोतवाली पहुंचने पर भी पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की। मामले में अधिवक्ता संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो मल्लीताल कोतवाली के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।