हल्द्वानी। एडीएम विवेक राय ने शुक्रवार को तहसील सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान 1200 से ज्यादा मतदाता वाले चिह्नित 52 मतदेय स्थलों पर अतिरिक्त बूथ बनाने के साथ ही बूथ लेवल एजेंट की तैनाती, पुनर्निर्धारण परिवर्तन और संशोधन पर चर्चा की।
एडीएम ने कहा कि लालकुआं में 11, भीमताल में तीन, नैनीताल में दो, हल्द्वानी में सात, कालाढूंगी में 15 और रामनगर के 14 मतदेय स्थलों में 1200 से ज्यादा वोटर हैं। प्रत्येक मतदेय स्थल के लिए बीएलए की नियुक्ति होना अनिवार्य है।
प्रतिनिधियों से कहा गया कि वह मतदेय स्थल में बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) तैनात कर उसकी सूची दें। बताया कि एक वर्ष में चार बार जनवरी, अप्रैल, जुलाई एवं अक्टूबर में मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम होता है। वहां सहायक निर्वाचन अधिकारी एचडी पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, बसपा जिलाध्यक्ष शिव गणेश आदि थे। माई सिटी रिपोर्टर