हल्द्वानी। स्मैक तस्करी में बनभूलपुरा पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इस मामले में गिरफ्तार एक कंपनी के कर्मचारी का सत्यापन नहीं मिलने पर दस हजार का चालान किया जाएगा।
बनभूलपुरा थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी और एसओजी की टीम ने बरेली रोड स्थित एक रेस्टोरेंट के पास बाइक सवार युवकों को 77 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में ऊधमसिंह नगर जिले के वार्ड नंबर एक शक्ति फार्म सितारगंज निवासी उपेंद्र कुमार वर्तमान समय में गौजाजाली में रहता है।
दूसरा आरोपी महमूद इंदिरानगर नूरी मस्जिद के पास रहता है। पुलिस ने आरोपियों की बाइक जब्त कर ली। जांच में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी महमूद सट्टेबाजी और स्मैक तस्करी में कई बार जेल जा चुका है। दूसरा आरोपी उपेंद्र कुमार एक कंपनी में सेल्समैन था। पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है।
एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि तीनों गिरोह बनाकर स्मैक तस्करी कर रहे थे। तीनों को गैंगस्टर के तहत निरुद्ध किया जाएगा। उपेंद्र ने पुलिस सत्यापन कराया था कि नहीं। इस मामले की जांच बनभूलपुरा थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी को सौंपी गई है। यदि सत्यापन नहीं मिला तो कंपनी के प्रबंधक का दस हजार रुपये का चालान किया जाएगा।