हल्द्वानी। हनीमून के दौरान दंपती में विवाद हुआ। इसके बाद रिश्ते बिगड़ते चले गए। डेढ़ साल तक युवती सहती रही। मामला महिला सेल में गया। वहां भी नहीं सुलझा तो हल्द्वानी कोतवाली में बृहस्पतिवार को पत्नी ने पति, सास, ससुर ओर देवर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धारा में प्राथमिकी दर्ज करा दी।
डहरिया निवासी नेहा खाती ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह तीन मार्च 2024 को पिथौरागढ़ के बेरीनाग निवासी निर्मल खाती से हुआ। विवाह के कुछ दिन बाद दोनों हनीमून के लिए अंडमान निकोबार गए। वहां पत्नी ने स्कूवा डाइविंग ओर वाटर गेम्स के पैसे मांगे तो नाराज पति ने होटल में तमाचा जड़ दिया। युवती के कान के पर्दे में छेद हो गया। रिश्ते बिगड़ते चले गए। सास ने उस पर मायके पक्ष की तरफ से मिली तीन लाख रुपये एफडी तोड़ने का दबाव बनाया। न मानने पर सबने मिलकर पीटा।
युवती ने एक बेटी को जन्म भी दिया। इसके बाद उसका उत्पीड़न और ज्यादा हो गया। अगस्त 2025 में ससुराल में नजरबंद किया गया तो उसके रिश्तेदार पुलिस की मदद से उसे हल्द्वानी लेकर आए। युवती का कहना है कि पति आईटी इंजीनियर है और उसके पास गाजियाबाद में दो फ्लैट भी है। कोतवाल विजय सिंह मेहता ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर आईटी इंजीनियर पति सहित ससुर देवेंदे खाती, सास कमला और देवर हिमांशु के खिलाफ विभिन्न धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई है।