हल्द्वानी। अगर थोड़ी सी सतर्कता और समझदारी दिखाई जाए, तो परेशानियों से बचने के साथ दूसरे को भी ‘प्रेरित’ किया जा सकता है। ऐसे ही छोटी, लेकिन महत्वपूर्ण कोशिश कुछ लोग कर रहे हैं। इसमें एक कालोनी के लोगों ने सड़क खुदने से बचाने के लिए पहले से ही कनेक्शन ले लिए। वहीं वर्कशाप लाइन में एक दुकानदार पालीथिन तो रखते नहीं, साथ ही पोस्टर लगाकर पालीथिन नहीं मांगने की सीख भी दे रहे हैं।
सड़क बनती नहीं कि सरकारी एजेंसियां या लोग दूसरे उसे खोदना शुरू कर देते हैं। इसमें भी सबसे ज्यादा खुदाई पानी का कनेक्शन लेने के लिए होती है। गैस गोदाम रोड के एकता विहार कालोनी के लोगों ने इसका तोड़ निकाला। कालोनी के लोगों ने जरूरत पड़ने पर पास ही पानी की दूसरी लाइन से कनेक्शन के लिए पहले से ही तैयारी कर ली है। जब सड़क बननी शुरू हुई तो लोगों ने पहले से ही कनेक्शन ले लिए, जिससे भविष्य में अगर जरूरत भी पड़े तो सड़क खोदनी या अनुमति लेने के लिए पीडब्ल्यूडी के चक्कर लगाने के अलावा उसके शुल्क से भी बचत हो सके।
इसी तरह कई दुकानदार अपने यहां झंझट से बचने को ...कृपया उधार मांग कर शर्मिंदा न करे, कृपया खुले पैसे दें, जैसी बातों को कागज पर लिखकर चिपकाते हैं, पर वर्कशाप लाइन पर पेंट की दुकान चलाने वाले संदीप कोहली कुछ अलग कर रहे हैं। उन्होंने अपनी दुकान पर कई जगह ‘पालीथिन मांग कर शर्मिंदा न करें’ के पोस्टर लगाए हैं। वह कहते हैं कि पालीथिन के खिलाफ सभी को एकजुट होना चाहिए। वह पालीथिन रखते भी नहीं है, कोई मांग नहीं करे इसलिए पोस्टर लगाया है।