लालकुआं। बिहार में मिड-डे-मील खाने से स्कूली बच्चों की मौत के बाद भी स्कूल प्रशासन ने अब तक सतर्कता नहीं दिखाई है। लालकुआं के कई स्कूलों में अब भी मिड-डे-मील में तमाम खामियां हैं। शनिवार को तहसीलदार ने जब स्कूलों का निरीक्षण किया तो कई खामियां मिली, इस पर उन्होंने एक विद्यालय में मानक से कम भोजन बनाए जाने पर प्रधानाध्यापिका को फटकार भी लगाई।
शनिवार को तहसीलदार मोहन बिष्ट ने रेलवे के निकट प्राथमिक विद्यालय में औचक छापामारी की। विद्यालय में छात्र संख्या के मानक से कम भोजन बनाने और गुणवत्ता की कमी पाए जाने पर उन्होंने प्रधानाध्यापिका को फटकार लगाई। विधायक प्रतिनिधि भुवन पांडे ने विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए मामले की पुनरावृत्ति किए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। तहसीलदार ने कन्या जूनियर हाईस्कूल और प्राथमिक विद्यालय में लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने पर आपत्ति जताई। कई विद्यालयों की भोजन माताएं बच्चों को भोजन कराने के बाद घर जा चुकीं थीं। उन्होंने सभी स्कूलों के प्रबंधन को गुणवत्ता का विशेष ध्यान देने को कहा।