हल्द्वानी। परिवहन मंत्री यशपाल आर्य के गृह क्षेत्र हल्द्वानी में वॉल्वो बस सेवा ठप है। तीसरे दिन भी तीन वॉल्वो बस नहीं चली। इससे नाराज यात्रियों ने हंगामा किया। रोडवेज प्रबंधन ने अनुबंधित बसों के ठेकेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। वेबसाइट से वॉल्वो बसों की ऑनलाइन बुकिंग ही हटा दी।
तीन दिन से हल्द्वानी से दिल्ली जाने वाली वॉल्वो बस सेवा ठप पड़ी है। शनिवार को सुबह आठ बजे, साढ़े नौ और साढ़े दस बजे की वॉल्वो बस दिल्ली को नहीं गईं। इनमें 19 यात्रियों ने ऑनलाइन बुकिंग कराई थी। यात्रियों का कहना था कि परिवहन मंत्री यशपाल आर्य के गृह क्षेत्र में जब बसों के ये हाल हैं, तो अन्य क्षेत्र में क्या हाल होंगे। हंगामे के बाद काठगोदाम डिपो ने देहरादून की एसी बस को दिल्ली के लिए भेजा।
उधर रोडवेज प्रबंधन ने दिल्ली रूट की पांच वॉल्वो बस को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया। वॉल्वो ठेकेदार के पर कार्रवाई करने के बजाय देहरादून फोन करके रोडवेज की वेबसाइट से वॉल्वो की ऑनलाइन बुकिंग ही बंद करा दी। आरएम कुमाऊं यशपाल सिंह ने कहा कि इस मामले में मुख्यालय को लिखा जा रहा है। कार्रवाई मुख्यालय स्तर से ही होगी।
वॉल्वो के ठेकेदार से बात हुई है। जल्द ही वॉल्वो के ठेकेदार की ओर से बस चलाने का आश्वासन दिया गया है। जितने दिन बस नहीं गई है, उसका भुगतान ठेकेदार को नहीं किया जाएगा।
-दीपक जैन महाप्रबंधक संचालन