हल्द्वानी। नगर निगम में कार्यरत 800 स्वच्छता समिति को मई महीने के मानदेय के लाले पड़ सकते हैं। नगर निगम अभी तक यह तय नहीं कर पाया है कि इन स्वच्छता समितियों को मानदेय कहां से देना है। नगर निगम की आर्थिक स्थिति खराब है। फिलहाल नगर निगम की नजर विशेष सहायता पर लगी हुई है।
शासन ने स्वच्छता समिति का मानदेय 275 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिदिन कर दिया है। इस मानदेय को देने के लिए शर्त भी रखी है। शर्त के अनुसार नगर निगम को मानदेय अपनी आय से देना होगा। नगर निगम की वार्षिक आय छह करोड़ के आसपास है जबकि इन स्वच्छता समितियों के कर्मियों को मानदेय देने के लिए प्रति वर्ष करीब 10 करोड़ रुपये चाहिए। नगर निगम के पास अब अधिक बजट नहीं बचा है। ऐसे में मई का मानदेय लटक सकता है। नगर निगम केंद्र सरकार की ओर से 31 मार्च को मिली विशेष सहायता से मानदेय देने पर विचार कर रहा है लेकिन अभी तक यह बजट वित्त विभाग के पास फंसा है।
कोट
स्वच्छता समिति को बढ़ा हुआ मानदेय कहां से देना है, इसको लेकर जल्द बैठक बुलाई जाएगी। बैठक में आय बढ़ाने सहित कई बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी।
- पंकज उपाध्याय नगर आयुक्त