रामनगर (नैनीताल)। नगर निवासी एक व्यक्ति ने शनिवार रात रंजिशन अपने चाचा की बाइक, कार में आग लगा दी। मौके पर पहुंचे अग्निशमन दल ने बाइक, कार की आग पर काबू पाया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया।
कोसी रोड निवासी पीड़ित विजय अग्रवाल ने रविवार को पुलिस को घटना की तहरीर दी। बताया कि भतीजे ने घर के आगे सड़क किनारे खड़े दोनों वाहनों को एक साथ फूंक दिया। आग देखकर लोगों ने शोर मचाकर तुरंत अग्निशमन दल को मौके पर बुलाया। आग बुझाने के बावजूद दोनों वाहन जल गए। इसके बाद वह टहलने के लिए कोसी बैराज की ओर जा रहा था कि तभी मोहल्ला उत्तरी खताड़ी निवासी भतीजे तरंग अग्रवाल ने डिग्री कॉलेज के पास उसका रास्ता रोका और गालीगलौज, धक्कामुक्की करने लगा। बोला कि आज तो तुम्हारी गाड़ी जलाई है, कल जान से भी मार दूंगा। कई वर्ष पूर्व भी तरंग उनकी एक और गाड़ी जला चुका है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तरंग के खिलाफ आईपीसी की धारा 341, 323, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया। लखनपुर चुंगी से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।