नैनीताल। जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से वर्तमान में 52 एंबुलेंस, 108 व खुशियों की सवारियां अलग-अलग स्थानों पर तैनात हैं। विभाग का दावा है कि वर्तमान में सभी एंबुलेंस की स्थिति सही है। सीएमओ डॉ. हरीश चंद्र पंत के अनुसार वर्तमान में सभी एंबुलेंस की स्थिति सही है। सीएमओ डॉ. हरीश चंद्र पंत ने बताया कि वर्तमान में जिले में कुल 52 एंबुलेंस तैनात हैं जिसमें स्वास्थ्य विभाग की ओर से बीडी पांडे अस्पताल, महिला अस्पताल हल्द्वानी, बेस अस्पताल व अन्य सीएचसी में तैनात की गई हैं।
वहीं जिला कार्यक्रम अधिकारी चंद्र प्रकाश ने बताया कि नैनीताल जिले में वर्तमान में 23 एंबुलेंस संचालित की जा रही हैं जो नैनीताल, भवाली, रामगढ़, मुक्तेश्वर, पदमपुरी, पहाड़पानी, ओखलकांडा, पतलोट, खैरना, सुयालबाड़ी, बेतालघाट, भीमताल, काठगोदाम, हल्द्वानी कोतवाली, हल्द्वानी ब्लाॅक, मोटाहल्दु, लालकुआं, चोरगलिया, कालाढूंगी, कोटाबाग, रामनगर, पाटकोट व मालधनचौड़ में तैनात रहती हैं। उन्होंने बताया कि जिले में 13 खुशियों की सवारियां हैं। महिला अस्पताल हल्द्वानी, सुशीला तिवारी में चार- चार और नैनीताल, भीमताल, मोटाहल्दू, रामनगर, कालाढूंगी में यह तैनात की गई हैं। बताया कि वर्तमान में सभी एंबुलेंस चलती हालत में हैं।