हल्द्वानी। कुमाऊं के लोगों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे काठगोदाम से देहरादून के लिए एक और ट्रेन चलाने की योजना बना रहा है। ट्रेन संचालन के लिए खाका तैयार किया जा रहा है।
कुमाऊं से राजधानी के लिए एकमात्र ट्रेन देहरादून एक्सप्रेस (लिंक) है जो रोजाना शाम को 7:25 बजे रवाना होती है। यह ट्रेन देर रात ढाई तीन बजे के बीच में देहरादून पहुंचती है। इधर लंबे समय से ट्रेन के समय बदलाव को लेकर मांग होती रही है क्योंकि शाम को पहाड़ से आने वाले यात्रियों की ट्रेन छूट जाती है। हाल ही में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत की रेलवे के जीएम, डीआरएम से मुलाकात हुई थी। इसमें सीएम ने भी ट्रेन की टाइमिंग बढ़ाने की मांग की थी। यह ट्रेन उप्र से होकर गुजरती है। इस ट्रेन की टाइमिंग से कई ट्रेनों का समय बदलना पड़ेगा। इस वजह से नई ट्रेन चलाने की योजना है। इस बाबत काठगोदाम स्टेशन से ट्रेनों के आवाजाही का समय तालिका, प्लेटफार्म की उपलब्धता आदि के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
चल सकती है एक और ट्रेन
रेलवे संचालन के लिए खाका तैयार करने में जुटा
सुबह छह बजे रवाना हो सकती है ट्रेन
सूत्रों की मानें तो सुबह छह से साढ़े छह बजे के बाद ट्रेन देहरादून के लिए रवाना होगी। जो दोपहर में एक से डेढ़ बजे की बीच पहुंचेगी। फिर शाम को चार बजे हल्द्वानी के लिए वापसी करेगी और रात को 11 बजे पहुंच जाएगी। क्योंकि इस समय प्लेटफार्म खाली रहता है।