रामनगर कोतवाली में विधायक दीवान सिंह बिष्ट सीसीटीवी कैमरों की जानकारी लेते हुए।
- फोटो : RAMNAGAR
रामनगर (नैनीताल)। विधायक निधि से कोटद्वार रोड पर लगाए गए दो सीसीटीवी कैमरे चोरी हो गए। चोरी की सूचना पर विधायक दीवान सिंह बिष्ट सक्रिय हो गए और कोतवाली पहुंचकर कैमरों के संबंध में जानकारी ली। कोतवाली में विधायक को पता लगा कि अधिकतर कैमरे बंद हैं। बाद में अस्पताल पहुंचकर विधायक ने व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।
शनिवार को विधायक दीवान सिंह बिष्ट को पता चला कि कोटद्वार रोड पर लगे दो सीसीटीवी कैमरे चोरी हो गए। कोतवाली पहुंचे विधायक को एसएसआई प्रेम विश्वकर्मा के समक्ष नाराजगी जताई। विधायक निधि से शहर में 56 कैमरे लगवाए गए हैं। 38 कैमरे काम नहीं कर रहे हैं। काम नहीं कर रहे इनमें से दो चोरी हो गए हैं। विधायक ने युवाओं में बढ़ती नशाखोरी और सीसीटीवी चोरी होने जैसी घटनाओं पर विधायक ने पुलिस की सुस्ती पर नाराजगी जताई।
बता दें कि कोटद्वार रोड संवेदनशील क्षेत्र है। इस क्षेत्र में अक्सर शाम के समय नशेड़ी घूमते दिख जाते हैं। यहां स्कूल जातीं छात्राएं भी असुरक्षित महसूस करती हैं। कोतवाली के बाद विधायक रामनगर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में मरीजों से हो रही अभद्रता पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। विधायक ने अस्पताल प्रशासन से व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने को कहा। इधर, सीएमएस डॉय चंद्रा पंत का कहना है कि विधायक ने अस्पताल का दौरा किया था। उन्हें सभी आवश्यक जानकारी दी गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी बलजीत सिंह भाकुनी का कहना है कि सीसीटीवी चोरी होने का मामला संज्ञान में आया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।