गरमपानी। रामगढ़ ब्लॉक के कफलाड़ निवासी रणजीत सिंह के खाते से साइबर ठगों ने शुक्रवार की दोपहर 24 हजार रुपये उड़ा लिए। उसने साइबर सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज की है।
रणजीत सिंह ने बताया कि उनके नंबर पर आई एक फोन कॉल पर ठग ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र में आपके खाते में छह हजार रुपये आए हैं। अपने खाते में राशि जमा के लिए एक एप को इंस्टॉल करने को कहा गया। साथ ही ठग ने उसका, पत्नी और बच्ची का नाम के साथ उसका आधार नंबर बताने और गांव का नाम पता करने के साथ एप को प्ले करने को कहा। जैसे ही रणजीत ने एप प्ले किया तो उनके बीओपी स्थित गाजियाबाद शाखा के खाते से 24 हजार रुपये चंद मिनटों में गायब हो गए। वहीं अपना बैंक बैलेंस देख रणजीत के होश उड़ गए। ठगी का एहसास होते ही रणजीत ने खाते की बची रकम 11 हजार को अपने दूसरे खाते में डाला। बाद में रणजीत ने ठग को दोबारा फोन मिलाया तो वह देख लेने की धमकी देने लगा। इससे परेशान रणजीत ने साइबर सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है।