भीमताल (नैनीताल)। केएमवीएन ने नौकुचियाताल में स्थित ब्रिटिशकालीन हरिटेज को 4 करोड़ 50 लाख की अधिक लागत से जीर्णोद्धार कर तैयार किया गया है। इसका नाम परिचय रखा गया है। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज बुधवार सुबह 10:30 बजे इसका लोकार्पण करेंगे। एडीबी ने इसका निर्माण किया है। इसके छह कमरों को विदेशी चीड़ की लकड़ी से सजाया गया है। इसमें रेस्टोरेंट, बार भी बनाया गया है। सैलानियों को यहां पहाड़ी व्यंजन भट्ट की चुड़कानी, रायता, बड़ी की दाल, झोली, झुंगरा की खीर, जखिया आदि परोसे जाएंगे।
परिचय के मैनेजर महेंद्र सिंह राणा ने बताया कि नौकुचियाताल स्थित इस ब्रिटिशकालीन हैरिटेज को वर्ष 1885 में भीमताल डैम बनाने वाले जर्मन इंजीनियर ने बनाया था। यहां ब्रिटिशकालीन चिमनियां आज भी सुंदर आकृति में मौजूद हैं। छह कमरे और हैरिटेज के बगल में कुल 19 कमरे वर्तमान में सैलानियों के लिए खुले हैं। साथ ही पांच लकड़ी के हट भी केएमवीएन द्वारा बनाए गए हैं।