हल्द्वानी। काठगोदाम पुलिस ने मंगलवार की रात दमुवाढूंगा और कालटैक्स के चार स्नूकर क्लबों में छापा मारा तो वहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने दिल्ली में पढ़ रहे मास कम्यूनिकेशन के छात्र को स्मैक के रैपर और सिगरेट के साथ पकड़ लिया। छात्र के परिजनों को बुलाकर पुलिस ने उसका चालान कर छोड़ दिया।
थानाध्यक्ष संजय जोशी ने बताया कि स्नूकर क्लबों के खिलाफ दो दिनों से गंभीर शिकायतें मिल रही थी। मंगलवार की रात पुलिस ने दमुआढूंगा और कालटैक्स स्थित स्कूनरों में छापा मारा तो बीड़ी सिगरेट पी रहे किशोर पुलिस को देखते ही भागने लगे। पुलिस ने दिल्ली से मास कम्यूनिकेशन का कोर्स रहे कुल्यालपुरा के एक छात्र को पकड़ लिया। उसके पास से स्मैक का रैपर और सिगरेट पुलिस ने बरामद किया। उसके खिलाफ कार्रवाई करने से पहले पुलिस ने परिजनों को बुलाया और बताया कि उनका बेटा क्या कर रहा है। परिजनों के सामने उसका पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया। अनियमितता के आरोप में एक स्नूकर संचालक का भी चालान किया गया। पुलिस ने हिदायत दी कि स्नूकर में नशे का व्यापार होने की शिकायत मिलने पर गंभीर कार्रवाई होगी। इधर पुलिस ने रोड पर चेकिंग के दौरान 43 वाहन चालकों का चालान किया। इनमें चार कोर्ट के चालान शामिल है। पुलिस ने तिहरी सवारी और ओवरलोडिंग में चार वाहनों का कोर्ट चालान किया। एक बाइक जब्त की गई। पुलिस ने छह हजार रुपये नगद जुर्माना भी वसूल किया है।