हल्द्वानी। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद्र अग्रवाल का कहना है कि ट्रांसपोर्टर प्रकाश पांडे की खुदकुशी मामले में प्रदेश सरकार गंभीर हैं। परिजनों को मुआवजा और नौकरी के संबंध में निर्णय ले लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में राजनीति कहना अच्छी बात नहीं है।
नशा और स्वच्छता विषय पर आयोजित गोष्ठी में हिस्सा लेने पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष अग्रवाल बुधवार को यहां मेडिकल कालेज परिसर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले ही उनकी इस मुद्दे पर उनकी मुख्यमंत्री से वार्ता हुई है। कुछ लोग इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं जो कि अच्छी बात नहीं है।
युवाओं में लगातार बढ़ती नशे की प्रवृति से जुड़े सवाल पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि व्यक्तिगत रूप से वह नशे पर पूरी तरह से पाबंदी लगाने के पक्षधर हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि को नशे के मुक्त कराने के लिए ठोस पहल की जरूरत है। इस दिशा में सरकार, आम जनता और अभिभावकों सभी को आगे आना होगा। लोकायुक्त के सवाल पर उन्होंने कहा कि उक्त मामला विधानसभा की कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में आएगा उसके बाद ही इस मुद्दे पर अग्रिम कार्रवाई होगी। स्थायी राजधानी के सवाल पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पहाड़ की राजधानी पहाड़ में होनी चाहिए इस बात को वह शुरू से ही कहते आए हैं। उन्होंने कहा कि चूंकि उत्तराखंड की जनता ने भाजपा को विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत दिया है लिहाजा उम्मीद की जानी चाहिए कि सरकार इस दिशा में कोई ठोस पहल करेगी। उन्होंने गैरसैण में आधारभूत सुविधाएं जुटाने पर भी जोर दिया।