हल्द्वानी। बीएसएनएल अब ‘सर्विस विद स्माइल’ के सूत्र वाक्य पर काम करेगा। लोगों के घर जाकर उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ाई जाएगी। बकाएदारों से वसूली के लिए महाप्रबंधक कार्यालय में तैनात स्टाफ को भी भेजा जाएगा।
बीएसएनएल के नवनियुक्त प्रधान महाप्रबंधक रोहित शर्मा का कहना है कि लैंडलाइन, ब्रॉडबैंड, मोबाइल कनेक्शन बढ़ाने को बीएसएनएल के अधिकारी और कर्मचारियों को घर-घर भेजा जाएगा। प्रयास किया जाएगा कि डिस्कनेक्शन की संख्या में कमी आए। कुछ निजी मोबाइल कंपनियों ने माह में 35 रुपये का रिचार्ज आवश्यक कर दिया है। रिचार्ज न कराने पर मोबाइल नंबर बंद कर दे रहे हैं जबकि बीएसएनएल में 36 रुपये के रिचार्ज पर छह माह की समय सीमा है। इसके चलते उपभोक्ताओं का रुझान फिर बीएसएनल की ओर बढ़ रहा है। बताया कि करोड़ों रुपये के बकाए वसूली के लिए भी टीम भेजी जाएगी। वसूली न होने की स्थिति में कानूनी नोटिस भेजा जाएगा।
घर-घर जाकर उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ाएगा बीएसएनएल
अब रिटेलर वॉलेट से कर सकेंगे उपभोक्ता के बिल का भुगतान
हल्द्वानी। बीएसएनएल जल्द ही उपभोक्ताओं को एक और सुविधा देने जा रहा है। प्रधान महाप्रबंधक रोहित शर्मा ने बताया कि बिल जमा करने के लिए उपभोक्ताओं को टेलीफोन एक्सचेंज आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रिटेलर के पास एक वॉलेट होगा। वॉलेट के माध्यम से लैंडलाइन, ब्रॉडबैंड, मोबाइल नंबर को बिल जमा कर सकेंगे।