भीमताल (नैनीताल)। भवाली-भीमताल मार्ग पर देर रात हल्द्वानी की तरफ जा रहा डंपर जायका रेस्टोरेंट के पास कार को बचाने के प्रयास में 50 मीटर खाई में जा गिरा। हादसे में घायल चालक और हेल्पर को सीएचसी भवाली ले जाया गया। मामूली चोट आने पर हेल्पर को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई वहीं चालक को गंभीर चोट आने पर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
एसआई भुवन सिंह राणा, एसआई राजेश जोशी ने बताया कि शनिवार देर रात डंपर यूके04सीए 8824 हल्द्वानी की तरफ जा रहा था। इस बीच उसके ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। जायका रेस्टोरेंट के पास ही मोड़ पर पतली सड़क पर ऊपर की तरफ जा रही कार को बचाने के प्रयास में डंपर खाई में जा गिरा। डंपर चालक राजू सिंह (30) निवासी पुरानी आईआईटी हल्द्वानी और हेल्पर अमित सिंह (17) निवासी पुरानी आईआईटी हादसे में घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली पहुंचाया। हेल्पर को मामूली चोट पर प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि चालक की कमर पर चोट आई। स्वास्थ्य केंद्र में इलाज की उचित सुविधा न होने के चलते उसे एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।