हल्द्वानी। भ्रष्टाचार और जन लोकपाल विधेयक के लिए देश के लोगों को जगाने वाले समाजसेवी अन्ना हजारे सोमवार को हल्द्वानी में हुंकार भरेंगे। वह शाम को वह रामलीला मैदान में सभा को संबोधित करेंगे। अन्ना के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं।
पुलिस के अनुसार अन्ना हजारे पांच मार्च को पूर्वाह्न 11.40 बजे काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर उतरेंगे। सर्किट हाउस में थोड़ी देर तक आराम करने के बाद ढाई बजे कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। पांच बजे रामलीला मैदान में सभा को संबोधित करेंगे। एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि अन्ना हजारे की सुरक्षा में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। सभा के लिए दो सीओ, पांच निरीक्षक, 16 उपनिरीक्षक, पांच हेड कांस्टेबल, 45 पुरुष और 22 महिला कांस्टेबल के अलावा दो प्लाटून डेढ़ सेक्सन पीएसी सुरक्षा व्यवस्था में रहेगी। एसपी सिटी खुद सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। सभा के बाद अन्ना रात में सर्किट हाउस में ठहरेंगे। छह मार्च को ट्रेन से दिल्ली चले जाएंगे।