हल्द्वानी। राजपुरा वार्ड में आजीवन सहयोग निधि को लेकर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट करीब 75 किलोग्राम सिक्कों से तौले गए। राजपुरा वासियों ने भी सिक्कों सहित करीब दो लाख रुपये का सहयोग आजीवन सहयोग निधि में किया।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि गरीबों की ओर से भाजपा को आजीवन सहयोग निधि के रूप में एकत्र की राशि प्रदेश में क्रांति लाएगी। उन्होंने गरीब जनता की ओर से दिए गए सहयोग के लिए लोगों को धन्यवाद भी दिया। जिला अध्यक्ष प्रदीप बिष्ट ने कहा कि गरीब जनता से जो सहयोग भाजपा को मिला है उसका पार्टी हमेशा आभारी रहेगी। पार्षद चंपा रंधावा और दिनेश रंधावा ने कहा कि गरीब जनता की आस्था देखते हुए लगता है कि जनता भाजपा के पक्ष में है। कार्यक्रम में केके मनराल, रेनु अधिकारी, अनिल डब्बु, जितेंद्र मेहता, भुवन जोशी आदि मौजूद रहे।
मेयर जोगेंद्र रौतेला का कार्यक्रम में नहीं आना चर्चा का विषय रहा। आयोजक दिनेश रंधावा ने कहा कि मेयर जोगेंद्र रौतेला को कार्यक्रम में बुलाने के लिए 12 बार कॉल की गई लेकिन उनका फोन नहीं उठा। उधर, जोगेंद्र रौतेला ने कहा कि वह निगम में हो रही बैठक में थे इसलिए फोन नहीं उठा पाए। यह भी माना जा रहा है कि मेयर का आना भी सियासत का हिस्सा था। रंधावा खुद को मेयर पद की दौड़ में भी शामिल बता रहे हैं और पहले भी रंधावा कई मौका पर मेयर जोगेंद्र रौतेला पर आरोप लगाने से नहीं हिचके हैं।