पतलोट (नैनीताल)। भीमताल के विधायक राम सिंह कैड़ा और डीएम विनोद कुमार सुमन ने रविवार को ओखलकांडा के दूरस्थ गांव भीड़ापानी में जनता दरबार लगाया। इसमें करीब 200 लोगों ने समस्याएं बताईं। कई समस्याओं का निस्तारण मौके पर किया गया। विधायक कैड़ा ने अधिकारियों से गांवों में शिविर लगाकर सरकार की योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने को कहा। जिलेभर के अधिकारियों से ग्रामीणों की समस्याएं सुलझाने को कहा गया।
शिविर में डीएम ने दैवी आपदा में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन, सड़कों, सिंचाई नहरों का आकलन तैयार करने को कहा। ताकि धन आवंटन कराया जा सके। शिविर में महेश चंद्र ने भुमका में क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर ठीक कराने को कहा, जिस पर डीएम ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों से तीन दिन में खराब ट्रांसफार्मर ठीक कराने को कहा। डीएम ने विधवा महिला मीना देवी को विधवा पेंशन दिलाने के निर्देश जिला प्रोबेेशन अधिकारी अंजना गुप्ता को दिए। भीड़ापानी में गैस एजेंसी खोलने संबंधी लाल सिंह की मांग पर डीएम ने ग्राम सभा की खुली बैठक में प्रस्ताव पास कर कुमाऊं मंडल विकास निगम को देने को कहा। ग्रामसभा डलौज की युवती तनुजा ने शादी के एक सप्ताह के भीतर पति द्वारा मायके में छोड़ने के आरोप में डीएम से न्याय दिलाने की गुहार लगाई। डीएम ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। डीएम ने डीएसओ तेजपाल सिंह से सरकारी राशन वितरण में हो रही अनियमितताओं की जांच करवाने को कहा। उज्ज्वला गैस कनेक्शन के लिए एजेंसी पर आवेदन करने को कहा।
पेयजल लाइन, सड़क, नहरें सुधारी जाएं
ग्राम सभा की खुली बैठक में पास कराएं गैस एजेंसी खोलने का प्रस्ताव
विधायक और डीएम ने भीड़ापानी में लगाया जनता दरबार
शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ बने प्रमाण पत्र
शिविर में मरीजों की जांच और बने प्रमाण पत्र
शिविर में राजस्व विभाग ने 10 आय, 12 जाति, 11 स्थायी प्रमाण पत्र, 12 परिवार रजिस्टर, 2 जन्म प्रमाण पत्र, 60 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, निशुल्क दवाइयां, नंदागौरा योजना की जानकारी दी गई।
ये रहे शामिल
शिविर में ब्लॉक प्रमुख आनंद आर्य, पूर्व प्रमुख खड़क सिंह नगदली, प्रधान रोशन सिंह, एसडीएम रेखा कोहली, डीडीओ रमा गोस्वामी, पीडी बालकृष्ण टम्टा, सीईओ केके गुप्ता, गणेश मेलकानी, रमेश पडियार आदि थे।