हल्द्वानी। जूनियर हाईस्कूल से उच्चीकृत हो चुके उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों से 106 शिक्षक हटेंगे। इनको जिले के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में रिक्त सीटों पर भेजा जाएगा। शासन ने अपना पुराना आदेश रद्द कर दिया है। शिक्षा सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम ने प्रारंभिक शिक्षा निदेशक को इस संबंध में कार्रवाई के आदेश जारी किए हैं।
कांग्रेस शासन के दौरान तीन वर्ष पूर्व उच्च प्राथमिक विद्यालयों को उच्चीकृत कर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का दर्जा दिया गया था। इसके साथ ही 14 नवंबर 2016 को यह आदेश भी जारी कर दिया गया कि उच्चीकृत उच्च प्राथमिक विद्यालयों को पृथक से संचालित किया जाएगा। इस शासनादेश के चलते उच्चीकृत विद्यालयों में पहले से कार्यरत जूहा के शिक्षक भी बने रहे और उनके साथ ही एलटी शिक्षकों को भी तैनात कर दिया गया। बताते हैं कि जनवरी में शिक्षा सचिव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 14 नवंबर 2016 के शासनादेश को रद्द करने का फैसला लिया गया। शासन का आदेश मिलने पर बीती 27 मई को शिक्षा निदेशालय ने भी मुख्य शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर उच्चीकृत विद्यालयों के संबंध में पुराना आदेश रद्द होने के संबंध में आदेश भेजा है। आदेश में कहा गया है कि इन विद्यालयों में तैनात उच्च प्राथमिक के शिक्षकों को हटाया जाए। शासन का आदेश आने के बाद जिले के 106 शिक्षकों पर तलवार लटक गई है। मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता ने बताया कि इन शिक्षकों को जिले के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में रिक्त पदों पर भेजा जाएगा।
जिले में उच्चीकृत विद्यालयों से हटेंगे जूनियर के 106 शिक्षक
शासन ने वर्ष 2016 के आदेश को रद्द किया