लालकुआं (नैनीताल)। दोस्तों के साथ शक्तिफार्म गए बिंदुखत्ता के युवक की तिलियापुर के पास कटना नाला में डूबने से मौत हो गई। शक्तिफार्म पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
बिंदुखत्ता के राजीवनगर निवासी बिशन राम का 24 वर्षीय पुत्र प्रकाश कुमार बृहस्पतिवार को अपने मित्र दिगपाल गड़िया, चंदन सिंह के साथ बाइक से घूमने शक्तिफार्म गए थे। किशनपुर रेंज के जंगल, शक्तिफार्म के तिलियापुर गांव की सीमा पर निकलने वाले कटना नाले में तीनों नहाने लगे। इस दौरान प्रकाश नाले के बीच में चला गया। नहाने के बाद दिगपाल और चंदन ने प्रकाश को नहीं देखा तो अन्य लोगों के साथ नदी में ढूंढखोज की। कुछ देर बाद नदी में प्रकाश का शव मिला। कटना नदी लालकुआं और शक्तिफार्म चौकी क्षेत्र की सीमा पर होने के कारण सूचना पाकर दोनों जगह की पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल शक्तिफार्म चौकी क्षेत्र में होने के कारण लालकुआं पुलिस लौट गई। शक्तिफार्म पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
कटना नाले में डूबने से युवक की मौत
दोस्तों के साथ नहाने गया था