नैनीताल। जिले के प्रशासनिक अधिकारियों की पदोन्नति प्रक्रिया शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को सचिव राजस्व विभाग ने वीडियो कांफ्रेंसिंग कर अधिकारियों की वार्षिक रिपोर्ट मांगी है। साथ ही मई के पहले सप्ताह तक राजस्व वादों का ब्योरा ऑनलाइन करने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
जिले में तमाम नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और कानूनगो को पदोन्नति का लाभ दिया जाना है। इसको लेकर बृहस्पतिवार को एनआईसी में वीडियो कांफ्रेंसिंग हुई। इसमें निदेशालय से राजस्व विभाग के सचिव व आयुक्त सुरेंद्र पांडे मौजूद रहे। सचिव ने जिले के सभी नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और कानूनगो की वार्षिक रिपोर्ट मांगी है। एडीएम हरबीर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट पहुंचने के बाद शासन स्तर पर बनी कमेटी पदोन्नति पर विचार करेगी। इसी तरह राजस्व वादों की सूची अप्रैल अंत ऑनलाइन उपलब्ध कराने का निर्देश मिला है। वादों का रिकार्ड ऑनलाइन दिखने से जनता को तारीखों के लिए यहां वहां नहीं भटकना पड़ेगा।