रामनगर (नैनीताल)। यहां आयोजित व्यक्तित्व कार्यशाला में वैज्ञानिक जितेंद्र पंत ने छात्र-छात्राओं को कॅरिअर निर्माण के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि जीवन में आईक्यू से ज्यादा अहम भूमिका आई कैन की है। सफल लोगों में ज्यादातर औसत बुद्धि के होते हैं, जो अपनी लगन और मेहनत से ऊंचे पायदान पर पहुंचे हैं।
गैस गोदाम रोड स्थित ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित कार्यक्रम में वैज्ञानिक जितेंद्र पंत ने छात्र-छात्राओं को व्यक्तित्व निर्माण और कॅरिअर के चार मूलमंत्र देते हुए कहा कि सफलता के लिए अध्यात्म, स्वस्थ जीवन, वित्तीय स्थिति और अच्छे आपसी रिश्ते जरूरी हैं। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ दिमाग निवास करता है। भरतपुरी निवासी जितेंद्र अमेरिका के जॉर्जिया विश्वविद्यालय में शोध कर रहे हैं। उनके चार पेटेंट दाखिल हो चुके हैं। संचालक गणेश रावत ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशाला से नेतृत्व क्षमता बढ़ती है। उन्होंने बच्चों से जितेंद्र से प्रेरणा लेने को कहा। इस दौरान राज्य कर अधिकारी मितेश्वर आनंद, पूर्व एनएमडीसी के प्रबंधक चंद्रशेखर जोशी, उमेश पंत, नवेंदु मठपाल, धीरज असवाल, डॉ. मीनू पंत, मंजू बिष्ट, यशपाल रावत, प्रकाश पपनै, विक्रम दवे आदि मौजूद थे।