रानीखेत (अल्मोड़ा)। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की हिमालय संरक्षण रैली का सोमवार को यहां रंगारंग समापन हुआ। जिला और नगर व्यापार मंडल ने दल का स्वागत किया। इस दौरान नगर में रैली निकालकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। बाद में छावनी परिषद के बहुउद्देेशीय हॉल में गोष्ठी हुई। जिसमें हिमालय की दशा और दिशा को लेकर व्यापक मंथन हुआ। यह रैली चार अक्तूबर से देहरादून से शुरू हुई और गढ़वाल होते हुए कुमाऊं मंडल में इसका समापन हुआ। इस दौरान विद्यालयी बच्चों के रंगारंग कार्यक्रमों ने समा बांध दिया।
मुख्य अतिथि पूर्व राजदूत हर्षवर्धन सिंह मनराल ने हिमालय की वर्तमान दिशा और दशा पर विस्तार से चर्चा की, इसके संरक्षण के लिए सभी से आगे आने आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि एडवोकेट पुष्पा भट्ट, पर्यावरणविद अजय रस्तोगी, पूर्व ले. जनरल मोहन चंद्र भंडारी ने भी रैली की सराहना की, इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन पर भविष्य में करने करने पर जोर दिया। इससे पूर्व रैली का स्वागत जिलाध्यक्ष मोहन नेगी, नगर अध्यक्ष भगवंत नेगी, जिला महामंत्री डॉ. गिरीश वैला, जिला मीडिया प्रभारी कामरान कुरेशी सहित तमाम पदाधिकारियों ने किया।
रैली यहां नगर से होकर कैंट के बहुउद्देशीय हाल पहुंची। इससे पहले विद्यालयी बच्चों के बीच भाषण और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं हुई। कार्यक्रम के दौरान जिला व्यापार मंडल की तरफ से उत्कृष्ट कार्य करने वाले 60 बुजुर्ग व्यापारियों और अन्य लोगों को शाल ओढ़ाकर स्वागत किया। हिमालय संरक्षण रैली के दौरान बाइक रैली भी निकाली गई।