हल्द्वानी। एमबीपीजी कालेज में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में फेल विद्यार्थियों को दूसरे सेमेस्टर में दाखिले से रोक दिया गया है, इस वजह से फेल छात्र एक वर्ष बैक हो जाएंगे। इन छात्रों को अब जुलाई में नया सत्र शुरू होने पर पुन: प्रथम सेमेस्टर में दाखिला लेना होगा। इधर, तृतीय सेमेस्टर में फेल छात्रों को चतुर्थ सेमेस्टर में दाखिले शुरू हो गए हैं। बुधवार को भी बड़ी संख्या में छात्रों के दाखिले हुए।
सेमेस्टर प्रणाली में दो तरह के नियम लागू होने से गुस्साए छात्रों ने चीफ प्रॉक्टर डॉ. विनय विद्यालंकार को घेरा। उनका कहना था कि विवि एक ही है और दो तरह के नियम क्यों चल रहे हैं। इस पर डॉ. विद्यालंकार ने बताया कि वर्ष 2016 के सेमेस्टर प्रणाली के संविधान में छात्रों को सेमेस्टर परीक्षा में प्रमोट करने की व्यवस्था लागू है, जबकि वर्ष 2017 में विवि ने जो सेमेस्टर प्रणाली का संविधान बनाया, उसमें ऐसा नहीं है और प्रथम सेमेस्टर में अगर छात्र फेल है तो उसे प्रमोट नहीं किया जा सकता।
प्रथम सेमेस्टर में केवल उन्हीं छात्रों को दाखिला दिया जा रहा है जो या तो उत्तीर्ण हैं या अंकतालिका में सीओपी आई है। इस बात से छात्र संतुष्ट नहीं हुए तथा प्रवेश प्रक्रिया को बंद कराने की कोशिश भी की। छात्रों का कहना है कि विवि के नये सेमेस्टर नियमों से तो तमाम छात्रों का एक वर्ष ही खराब हो जाएगा।