गरुड़ (बागेश्वर)। मोहन मेहता सीएचसी बैजनाथ के वरिष्ठ फिजीशियन पर घर में घुसकर नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता के परिजनों डॉक्टर को करीब एक घंटे घर में ही बंद रखा।
पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। क्षेत्र की महिलाओं का आरोप है कि डॉक्टर पूर्व में भी कई बार महिलाओं से अश्लील हरकतें करता रहा है। उन्होंने डीएम और सीएमओ से आरोपी डॉक्टर को 24 घंटे में गिरफ्तार कर बर्खास्त करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
बैजनाथ पुलिस के अनुसार सीएचसी बैजनाथ में तैनात वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. संजीव सरना बृहस्पतिवार रात एक परिवार के घर में घुस गया। परिवार के सदस्यों का आरोप है कि डॉक्टर ने नाबालिग से छेड़छाड़ की।
बैजनाथ थानाध्यक्ष मदन लाल के अनुसार किशोरी के चिल्लाने पर परिजनों ने डॉक्टर को कमरे में बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसडीएम सुंदर सिंह और थानाध्यक्ष बैजनाथ आरोपी डॉक्टर को मेडिकल के लिए अस्पताल ले आई।
पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ आईपीसी की धारा 354, 452, 323, 304 के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। महिलाओं का आरोप है कि कुछ सफेदपोश आरोपी डॉक्टर को संरक्षण दे रहे हैं। पुलिस ने सफेदपोश नेताओं के दबाव में डॉक्टर का मेडिकल भी नहीं कराया।