हल्द्वानी। पूर्वोत्तर रेलवे ने होली पर यात्री की सुविधा के मद्देनजर रामनगर-हावड़ा की एक जोड़ी साप्ताहिक विशेष ट्रेन को चार फेरों में चलाने का फैसला किया है।
रेलवे के मुताबिक 05007 रामनगर से हावड़ा साप्ताहिक विशेष गाड़ी रामनगर से हर शुक्रवार 16, 23 फरवरी, दो और नौ मार्च तक चलेगी। वहीं 05008 हावड़ा से रामनगर साप्ताहिक विशेष ट्रेन हावड़ा से हर रविवार 18, 25 फरवरी, चार और 11 मार्च तक चलाई जाएगी। रामनगर से हावड़ा चलने वाली ट्रेन 18.15 बजे से चलकर बरेली, सीतापुर कैंट, गोण्डा, बस्ती, खलीलाबाद, गोरखपुर से होते हुए हावड़ा 07.10 बजे पहुंचेगी। वापसी में हावड़ा से 08.35 बजे चलकर गोरखपुर, बरेली से होते हुए रामनगर पहुंचेगी। इस विशेष गाड़ी में शयनयान और साधारण के छह-छह, एसी तृतीय और एसी द्वितीय के एक-एक, एसएलआर, एसएलआर डी के दो कोचोें सहित कुल 16 कोच लगेंगे।