ज्योलीकोट (नैनीताल)। बसों की संख्या कम होने के कारण क्षेत्र के लोगों दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नैनीताल जाने वाले नौकरीपेशा कर्मियों, छात्र-छात्राओं को घंटों इंतजार के बाद भी वाहन नहीं मिल रहे। उन्होंने बसों की संख्या नहीं बढ़ाने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
भुजियाघाट, दो गांव, आम पड़ाव ज्योलीकोट, बेलुवाखान, बल्दियाखान, ताकुला, गेठिया, भूमियाधार, वीरभट्टी के यात्रियों को बसों के लिए परेशान होना पड़ रहा है। भवाली डिपो की ओर से जुलाई में स्थानीय विधायक संजीव आर्य के प्रयासों से बस सेवा शुरू की गई लेकिन उम्र दराज बसों को हटाने के बाद बसों की कमी हो गई। साथ ही दो-तीन दिन बाद इस सेवा को बंद भी कर दिया और अगस्त में भी बस दो दिन ही चल पाई।
भाजपा जिला मंत्री कैलाश जोशी, पुष्कर जोशी, हरीश भट्ट आदि ने बताया कि परिवहन मंत्री यशपाल आर्य और विधायक संजीव आर्य को क्षेत्रवासियों की समस्या बता दी गई है। ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष हिमांशु पांडे ने कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो लोगों के साथ सड़कों पर उतर धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।