हल्द्वानी। डीएम विनोद कुमार सुमन ने शनिवार को बैठक में विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का निस्तारण नहीं करने वालों केक खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कैंप कार्यालय में आयोजित शिविर में 86 शिकायतें दर्ज की गई, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था से जुड़े लोगों ने महिला अस्पताल में नवनिर्मित भवन को शुरू कराने की मांग की। भीमताल से ध्येय संस्था के राहुल जोशी आदि ने मल्लीताल स्थित मिनी स्टेडियम में शौचालय और ड्रेसिंग रूम के निर्माण, शेर सिंह कंडारी ने बूढ़ा पहाड़ के पास कूड़ा फेंकने पर रोक लगाने और ग्राम पतलिया निवासी भुवन चंद्र ने भूमि बंदोबस्त के अभिलेखों में पिता का नाम दर्ज कराने की मांग की है। पूर्व सैनिक प्राण दत्त पाठक ने डीएम से 2005 से लापता पुत्र की तलाश कराने की मांग की। बिजली, सड़क पेयजल और स्वास्थ्य संबंधित समस्याएं भी उठाई गई। इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय और एसडीएम एपी वाजपेयी आदि मौजूद थे।