हल्द्वानी। राजपुरा में पिछले कई दिनों से पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं होने पर क्षेत्रवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने जल संस्थान दफ्तर में विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि यदि पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं हुई तो उग्र आंदोलन होगा।
सोमवार को राजपुरा के दर्जनों लोग तिकोनिया स्थित जल संस्थान दफ्तर पहुंचे। वहां उन्होंने संस्थान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि इलाके में पेयजल का हाहाकार मचा हुआ है। जहां टुल्लू पंप से पानी खींचा जाता है वहां तो पानी आता है, लेकिन राजपुरा में जिन घरों में टुल्लू नहीं हैं वहां पानी नहीं आता है। तीन-तीन दिन तक नलकूप नहीं चलता है, इससे क्षेत्रवासी पीने के पानी तक को तरस जाते हैं। कुछ गलियों में पानी की भरपूर आपूर्ति है तो कुछ गलियों में पीने तक का भी पानी नहीं मिल रहा है। उन्होंने पेयजल आपूर्ति सुचारू करने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि जल्द पेयजल आपूर्ति नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान हेमंत साहू, शारिक खान, मोनिका सती, ममता रावत, जीतू सागर, नगीना देवी, गुड्डी देवी आदि थे। इधर, शिकायत पर जल संस्थान की टीम ने राजपुरा में नलकूप व पेयजल लाइनों का निरीक्षण किया।