भीमताल (नैनीताल)। नीति आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार का कहना है कि कुमाऊं मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों से हो रहा पलायन चिंताजनक है। पलायन रोकने के उपाय किए जाने जरूरी हैं। मंडल के ऐसे 100 गांवों की सूची बनाई जा सकती है जहां पलायन ज्यादा हुआ है। ऐसे गांवों में कृषि और पशुपालन से पुनर्वास किया जा सकता है।
निजी दौरे पर धानाचूली आए डॉ. राजीव कुमार ने शनिवार को अमर उजाला से बातचीत में कहा कि पलायन बड़ा मुद्दा है। गांवों को दोबारा आबाद किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य 2022 तक किसानों की आय दोगुना करना है। इसके तहत किसानों की कृषि में कम लागत लगे, उत्पादकता बढ़ाने और देशभर में मार्केटिंग को बढ़ावा देकर मूल्य निर्धारित कर फल सब्जियों को निर्यात करना है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने को लेकर नीति आयोग की नौ जुलाई को दिल्ली में बैठक होगी।
कोल्ड स्टोरेज खोलने के लिए प्रदेश सरकार से कहेंगे
डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि किसानों की समस्या को देखते हुए भीमताल में कोल्ड स्टोरेज खोलने की मांग के संबंध में उत्तराखंड सरकार से बात की जाएगी। ताकि पहाड़ के किसानों को अपनी नगदी फसलों को हल्द्वानी या अन्य शहरों में बेचने के लिए भटकना न पड़े।
‘कुष्ठ रोग को खत्म करने की करेंगे कोशिश’
डॉ. राजीव कुमार की पत्नी डॉ. विनीता शंकर देशभर से कुष्ठ रोग खत्म चाहती है। उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग के लिए वह लोगों को जागरूक कर रही हैं। देशभर में वह सासाकावा इंडिया लेप्रसी फाउंडेशन एनजीओ से लोगों को कुष्ठ रोग के लिए जागरूक कर रही है।