नैनीताल। 15 जनवरी को भूमियाधार के पास पहाड़ी से गिरकर हुई दिल्ली की नव विवाहिता की मौत मामले में पुलिस उसके पति और परिजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बाद चुप हो गई। हालांकि पुलिस की ओर से दावा किया जा रहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही विवेचना आगे बढ़ाई जाएगी। सबूत जमा करने के बाद ही आरोपी पति सद्दाम की गिरफ्तारी होगी। जरूरत पड़ने पर सद्दाम के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई जाएगी और दिल्ली जाकर भी जांच-पड़ताल की जाएगी।
दिल्ली के गांव मंडोली निवासी तमन्ना की भूमियाधार के पास पहाड़ी से गिरकर मौत हो गई थी। वह पति के साथ घूमने यहां आई थी। पति ने इसे हादसा बताया था, लेकिन तमन्ना के भाई और अन्य परिजनों ने हत्या करार दिया था। तमन्ना के भाई आफिस खान की ओर से तल्लीताल थाने में सद्दाम और उसके परिवार के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। मुकदमा संवेदनशील होने के कारण विवेचना सीओ सिटी विजय थापा को सौंपी गई है। सीओ ने बुधवार को कई पहलुओं पर विचार करने के बाद बताया कि अभी तक सद्दाम के खिलाफ इतने सबूत नहीं हैं कि उसे गिरफ्तार किया जा सके। सबूतों के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। सद्दाम का सरोवर नगरी से कनेक्शन तलाशने के लिए उसकी कॉल डिटेल निकलवाई जा सकती है। साथ ही दिल्ली पहुंच कर भी जांच पड़ताल किए जाने की संभावना है।