रानीखेत (अल्मोड़ा)। पूर्व मुख्यमंत्री और नैनीताल के सांसद भगत सिंह कोश्यारी ने कहा है कि केंद्र और राज्य सरकार हर वर्ग के लोगों का विकास कर रही है। कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं को जन-जन तक प्रचारित करना होगा। पूर्व मुख्यमंत्री यहां एफआरएच में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक ले रहे थे। कार्यकर्ताओं ने कोश्यारी से रानीखेत को नगरपालिका बनाने के लिए सरकार से सार्थक पहल करने की मांग उठाई।
पूर्व मुख्यमंत्री द्वाराहाट महोत्सव में भाग लेने के लिए द्वाराहाट जा रहे थे, इस बीच वह यहां एफआरएच में रुके और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं से जनता को लाभ मिल रहा है। कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि योजनाओं को प्रचारित करें। छावनी उपाध्यक्ष मोहन नेगी सहित तमाम कार्यकर्ताओं ने कहा कि रानीखेत कैंट क्षेत्र होने के कारण तमाम दुश्वारियों से जूझना पड़ रहा है। देश के चार कैंटों को नगरपालिका बनाने की कार्रवाई चल रही है, उन्होंने रानीखेत के सिविल एरिया को भी नगरपालिका बनाने की मांग उठाई। सांसद ने कहा कि वह इस संबंध में शीघ्र ही रानीखेत के शिष्टमंडल को रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण से मिलाएंगे और अपनी ओर से पूरा सहयोग करेंगे। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष् विमला रावत, जिला महामंत्री दर्शन बिष्ट, चंदन भगत, विनोद भार्गव, त्रिभुवन शर्मा, मनोज अग्रवाल, ज्योति शाह मिश्रा, भूपेंद्र कुमार सहित तमाम लोग मौजूद थे।