उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन को लागू हुए 24 घंटे भी नहीं हुए थे कि सचिवालय का नजारा बदला हुआ नजर आया।
सब अनुशासित और चौकन्ने हैं। एफआरडीसी बिल्डिंग के पास गपबाजी नहीं हो रही। अनुभागों की अलमारियों के कोने में सालों से धूल फांक रहीं फाइलों के दिन बहुर आए हैं। इन्हें अब साफ किया जा रहा है। अफसर अपनी पुरानी डायरी में दर्ज मामलों को नए कागज पर नोट कर रहे हैं। कहते हैं-राष्ट्रपति शासन लागू हो गया है। ‘पता नहीं गवर्नर सर कौन-सी फाइल तलब कर लें।’
प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू होने के पहले कार्य दिवस सोमवार को इस बदलाव का अहसास सचिवालय के बाहर से होने लगा था। मुख्य गेट के सामने सड़क के दोनों तरफ चूने की लाइन हैं। बाउंड्री के किनारे आज कारें बड़ी तरतीब से खड़ी हैं। ऐसा ही नजारा अंदर भी है।