पीठ और कंधे में दर्द की समस्या से परेशान हिमालय बचाओ आंदोलन के समीर रतूड़ी का प्रशासन ने रविवार को नई टिहरी जिला अस्पताल में एक्सरे और स्वास्थ्य परीक्षण कराया। उनके वजन में सात किलो की गिरावट आई है। एक्सरे की रिपोर्ट सामान्य आई है।
समीर मलेथा आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने सहित अन्य मांगों को लेकर वे 22 फरवरी से जेल में अनशन पर है। रविवार को उनका 14वें दिन भी अनशन जारी रहा।
पीठ और कंधों में दर्द होने की शिकायत पर बीती रात को प्रशासन ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल में भर्ती के दौरान प्रशासन ने उन्हें ग्लूकोज लेने का सुझाव दिया, लेकिन रतूड़ी ने ग्लूकोज और ड्रिप लगाने से इनकार कर दिया।
डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि एक्सरे की रिपोर्ट सामान्य है। डॉ. अमित राय ने बताया कि स्वास्थ्य परीक्षण में उनके वजन में 7 किलो की गिरावट आई है। अपराह्न बाद प्रशासन ने रतूड़ी को दोबारा जेल भेज दिया है।