राजधानी में अवैध प्लाटिंग का सिलसिला लगातार बढ़ रहा है। पांच महीने में ही दून में 22 नई अवैध प्लाटिंग हो गईं, लेकिन एमडीडीए अधिकारियों, अभियंताओं को इन पर नजर डालने की सुध नहीं आई।
पता चला भी तो प्राधिकरण ने प्लाटिंग करने वालों को नोटिस जारी कर अपनी ‘जिम्मेदारी’ पूरी कर ली। इससे आगे कहीं कोई कार्रवाई नहीं की गई। अप्रैल में नगर निगम चुनाव से ठीक पहले शहर में भूमाफिया सक्रिय हो गए थे।
मार्च से 28 जुलाई 2013 तक दून और आसपास के क्षेत्रों में 22 से अधिक अवैध प्लाटिंग की गई। सैकड़ों लोगों को गलत जानकारी देकर प्लाटों की बिक्री की गई, लेकिन एमडीडीए के अधिकारी-अभियंता आंखें मूंदे रहे।
ईस्ट होप टाउन, झाझरा से लेकर मिंयावाला तक सैकड़ों बीघा जमीन पर अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई के नाम पर महज नोटिस थमाया गया। ऐसे में एमडीडीए की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा होना लाजमी है।
यहां हुई अवैध प्लाटिंग
ईस्ट होप टाउन, बंजारावाला, हरभजवाला, मियांवाला, सेवला कलां, झाझरा, कारगी, मेहूंवाला, सहस्त्रधारा रोड
ये हैं अवैध प्लाटिंग करने वाले
हरिंदर, दिनेश नौटियाल, चंद्रप्रकाश वालिया, सुनील रावत, सुखदेव सिंह रावत, बाली राम, संजय जैन और अन्य, दीपू रावत, अंजू सिंघल, रमेश पोखरियाल, एन बिष्ट, एचएच बिल्डर प्राइवेट लिमिटेड, आर अग्रवाल, शीला बहुगुणा, विवेक शर्मा, जय चंद्र, संजय बिष्ट, दिनेश जैन
एक को सील होगा पलटन बाजार का अवैध निर्माण
देहरादून। पलटन बाजार में चल रहा अवैध निर्माण सील किया जाएगा। इसके लिए एमडीडीए ने एक अगस्त की तारीख तय की है।
एमडीडीए सचिव बंशीधर तिवारी ने बताया कि मामले की सुनवाई के बाद यह आदेश जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि माता मंदिर के पास एक अन्य अवैध निर्माण को नोटिस जारी किया गया है।
इनकी भी सुनिएः
यह सच है कि कुछ महीनों में बड़े पैमाने पर अवैध प्लाटिंग के मामले प्रकाश में आए हैं। इनका निरीक्षण किया जा रहा है। नोटिस तो दिया ही गया है। मामलों सुनवाई कर प्राथमिकता के आधार पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
बंशीधर तिवारी, सचिव एमडीडीए