वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के पद पर पदोन्नति करने की एक सूत्री मांग को लेकर उत्तराखंड परिवहन मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर दूसरे दिन भी काम ठप रखा। हड़ताली कर्मियों ने एआरटीओ कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। कार्य बहिष्कार के कारण एआरटीओ कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा। जबकि दूर दराज से काम कराने आए लोगों को बैरंग लौटना पड़ा।
बृहस्पतिवार को उत्तराखंड परिवहन मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी संघ के बैनर तले मिनिस्ट्रीयल कर्मियों ने कोटद्वार कार्यालय में सरकार और विभागीय उच्चाधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। धरना स्थल पर हुई सभा में पदाधिकारियों ने कहा कि विगत वर्ष मिनिस्ट्रीयल संवर्ग के किसी भी पद पर पदोन्नतियां नहीं की र्गइं, जबकि संवर्ग के हर पद खाली हैं। संघ के जिलाध्यक्ष अजय नौडियाल ने बताया कि 26 अगस्त से चल रहे आंदोलन का आज आखिरी दिन है। शुक्रवार से कार्यालय में सामान्य ढंग से कामकाज होगा। संगठन की ओर से परिवहन आयुक्त को ज्ञापन भेजकर उनकी एक सूत्री मांग पर कार्रवाई की मांग की गई। धरना-प्रदर्शन करने वालों में जिला अध्यक्ष अजय नौडियाल, महामंत्री मनोज रावत, प्रांतीय संगठन मंत्री कुलदीप नेगी, मनीष पुरोहित, अनिल सिंह रावत, मो. अकरम, महेंद्र सिंह रावत और ध्रुव धामी आदि शामिल रहे।