बीरोंखाल ब्लाक के स्यूंसी में सरकार के खिलाफ रैली निकालती विभिन्न महिला संगठनों से जुड़े कर्मचा
- फोटो : KOTDWAR
मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर सीटू के बैनर तले बीरोंखाल ब्लाक की विभिन्न महिला संगठनों ने क्षेत्र में रैली निकाली। उन्होंने प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर उन्हें उचित मानदेय दिलाने की मांग की।
रविवार को सीटू के जिला सचिव महावीर सिंह रावत के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, भोजन माता संगठन से जुड़े कर्मचारियों ने नारेबाजी के साथ स्यूंसी बाजार से तहसील मुख्यालय तक रैली निकाली। इस अवसर पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता, भोजन माता के रूप में महिलाओं से कार्य ले रही है, लेकिन उन्हें अल्प वेतन देकर उनका शोषण कर रही है। वर्तमान में महंगाई बढ़ गई है, लेकिन प्रदेश सरकार अल्प मानदेय देकर काम चला रही है। ऐसे में परिवार का भरण पोषण करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, भोजन माता, आशा कार्यकर्ता का न्यूनतम वेतनमान 26 हजार रुपये करने, वर्षों से कार्यरत ग्राम प्रहरी, जल निगम व जल संस्थान के कार्यरत पंप ओपरेटर का न्यूनतम वेतनमान 26 हजार रुपये करने, मनरेगा श्रमिकों के कार्य दिवस बढ़ाने और उन्हें 500 रुपये न्यूनतम वेतन देेने के अलावा कार्य न मिलने पर बेरोजगारी भत्ता देने की मांग की।
इस अवसर पर बीरोंखाल आशा संघ की ब्लॉक अध्यक्ष पुष्पा बिष्ट, भोजन माता संघ की अध्यक्ष मीनाक्षी देवी, आंगनबाड़ी संघ की अध्यक्ष शांति देवी, सरस्वती देवी, अनीता देवी, संगीता देवी और सुमित्रा देवी आदि मौजूद थे।