क्षेत्र में हरियाली तीज का पर्व धूमधाम से मनाया गया। महिलाओं ने झूले झूले और तीज के गीत गाए। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं और कार्यक्रम हुए, जिसमें महिलाओं ने बढ़ चढ़कर प्रतिभाग किया। लैंसडौन में हुए विभिन्न कार्यक्रमों में शानदार प्रदर्शन पर प्राची वर्मा तीज क्वीन बनीं।
बुधवार देर शाम को कोटद्वार के गोविंद नगर स्थित गीता भवन मंदिर में महिलाएं एकत्र हुईं। आयोजक शशि शर्मा के मार्गदर्शन में महिलाओं ने तीज के पारंपरिक गीत गाए और झूला झूलकर हरियाली तीज की खुशी मनाई। मंदिर के पंडित राम प्रकाश शर्मा ने महिलाओं को हरियाली तीज का महत्व बताया। इस अवसर पर सुधा अग्रवाल, अंजलि अग्रवाल, पूनम गर्ग, पूनम जैन, मेेधा अग्रवाल, आराधना अग्रवाल, रश्मि अग्रवाल, सीमा गोयल, पूजा लड्ढा, लक्ष्मी अग्रवाल, पारुल शर्मा आदि मौजूद थे। वहीं लैंसडौन में ‘स्वर’ सामाजिक संस्था की ओर से आयोजित हरियाली तीज महोत्सव में महिलाएं राजस्थानी, गढ़वाली, कुमाऊंनी, पंजाबी, लोकगीतोें के साथ ढोल-नगाड़ों की धुनों पर जमकर थिरकीं।
वहीं लैंसडौन के धर्मशाला में आयोजित तीज महोत्सव का शुभारंभ संस्था की अध्यक्ष उषा नैथानी ने किया। उन्होंने कहा कि सावन मास पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा देता है। हमें पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य करने के लिए तत्पर रहना होगा। इस अवसर पर महिलाओं ने सावन के पारंपरिक गीतों की प्रस्तुतियां देकर समा बांधा। इस मौके पर हुई चलो गांव घूमने चलो प्रतियोगिता में रजनी रावत प्रथम, सोनल खंडेलवाल द्वितीय स्थान पर रहीं। शृंगार प्रतियोगिता में किरन अग्रवाल प्रथम, नीरा खंडेलवाल द्वितीय, शकुंतला तृतीय रहीं। पैडीक्योर प्रतियोगिता में चंद्रकांता बौंठियाल प्रथम, शीतल खंडेलवाल द्वितीय, प्राची वर्मा तृतीय स्थान पर रहे। विभिन्न कार्यक्रमों में शानदार प्रदर्शन करने पर प्राची वर्मा को तीज क्वीन का खिताब दिया गया। चंद्रकांता बौंठियाल द्वितीय और निर्मला रावत तीसरे स्थान पर रहीं।