कोटद्वार-दुगड्डा के बीच हाईवे पर बारिश के कारण मिट्टी से बना फिसलन भरा मलबा।
- फोटो : KOTDWAR
राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटद्वार-दुगड्डा के बीच आठवें किमी पर सड़क के धंसाव और पहाड़ी से आया मलबा लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। शनिवार सुबह से दोपहर तक हुई रिमझिम बारिश से एक बार फिर से सड़क पर मिट्टी का फिसलन भरा मलबा जमा हो गया है। जिसके कारण वाहनों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
गत माह एनएच पर कोटद्वार-दुगड्डा के बीच चार साल से जर्जर हाल सड़क का करीब 50 मीटर हिस्सा खोह नदी में समा गया था। इसके बाद एनएच विभाग ने सड़क निर्माण के लिए पहाड़ी का कटान किया था। तब से कई दिनों तक दलदल से लोग परेशान रहे थे। एक बार फिर कुछ दूरी पर पहाड़ी टूटकर हाईवे पर गिर गई थी। उक्त दोनों स्थान पर मिट्टी रह जाने से पहले लोग पहले धूल से और अब शनिवार को ओले गिरने और बारिश होने के बाद फिसलन भरे मलबे से परेशान हैं।
मार्ग से रोजाना आवाजाही करने वाले कर्मचारी पंकज कुमार सिंह, रघुवीर सिंह गुसाईं, केदार दत्त पोखिरियाल ने एनएच विभाग पर लोगों का जीवन संकट में डालने का आरोप लगाया कहा कि हाईवे की मिट्टी को ठीक तरह से साफ नहीं किया गया है। मलबे में वाहन फिसल रहे हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। अपर सहायक अभियंता अरविंद जोशी का कहना है कि बारिश के कारण हाईवे के आठवें किमी पर अभी फिसलन है। शीघ्र पुश्ता निर्माण होने के बाद समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।