कोटद्वार भाबर के दुर्गापुरी में सभा को संबोधित करते कृषि एवं उद्यान मंत्री सुबोध उनियाल।
- फोटो : KOTDWAR
हरिद्वार से शुरू हुई भाजपा की विजय संकल्प यात्रा मंगलवार को लालढांग मार्ग होते हुए कोटद्वार विधानसभा पहुंची। वनमंत्री डॉ. हरक सिंह रावत की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने चिलरखाल बैरियर पर विजय संकल्प यात्रा का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। विजय संकल्प यात्रा किशनपुर, हल्दूखाता, दुर्गापुर और कोटद्वार पहुंची। दुर्गापुर में हुई जनसभा में कृषि एवं उद्यान मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि पिछले पांच सालों में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य कराए गए हैं। सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए खेती की सहायक गतिविधियों से रोजगार बढ़ाने की दिशा में तेजी से काम कर रही हैं। पांच वर्षों में उत्तराखंड ने नई ऊंचाइयों को छुआ है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। कहा कि इस यात्रा के माध्यम से भाजपा सरकार पांच सालों की उपलब्धियों को जनता के बीच रखा जा रहा है। वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में तेजी से विकास हो रहा है। पिछले पांच वर्षों में लालढांग-चिलरखाल मोटर मार्ग को धरातल पर उतारा। पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पाखरो में टाइगर सफारी जल्द शुरू होने जा रही है। इसके अलावा कोल्हूचौड़ और कण्वाश्रम स्थित वन विश्राम गृहों का जीर्णोद्धार करने के साथ ही बैंबू हट बनाए जा रहे हैं। इस मौके पर मंडी समिति के अध्यक्ष सुमन कोटनाला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शैलेंद्र बिष्ट गढ़वाली, संकल्प यात्रा के संयोजक वीरेंद्र बिष्ट, ऋषि कंडवाल, विनोद सुयाल, भाबर मंडल अध्यक्ष चंद्रमोहन जसोला, महामंत्री गौरव जोशी, पार्षद मनीष भट्ट, राजगौरव नौटियाल, प्रकाश बलोदी, पूनम खंतवाल, गौरव कुकरेती, राजेंद्र बिष्ट, यात्रा प्रबंधक माणिकनिधि शर्मा आदि मौजूद रहे।