बैजरो। बीरोंखाल बाजार में स्थित एसबीआई का एटीएम दो माह से खराब है। लोगों को धनराशि निकालने के लिए 10 किमी दूर स्यूंसी बाजार जाना पड़ रहा था, लेकिन अब स्यूंसी बाजार का एटीएम भी खराब हो गया है। अब लोगों को पैसे निकालने के लिए बैंक में घंटों लाइन में लगना पड़ता है। लोगों ने एटीएम को ठीक कराने की मांग उठाई।
बीरोंखाल निवासी राजेंद्र सिंह, विनोद कुमार और महेश कुमार आदि ने बताया कि एसबीआई ने करीब आठ साल पहले बीरोंखाल बाजार में एटीएम स्थापित किया था। अब यह दो माह से बंद पड़ा है। वहीं स्यूंसी बाजार का एटीएम भी खराब हो गया है। वहीं बीरोंखाल एसबीआई के शाखा प्रबंधक रेवाधर प्रसाद का कहना है कि बीरोंखाल बाजार में लगा एटीएम पुराना हो चुका है जिससे उसमें आए दिन खराबी आ रही है। ग्राहकों की सुविधा के लिए नया एटीएम लगाया जा रहा है। जल्द बैंक के ग्राहकों को एटीएम की सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी। संवाद