कोटद्वार में पटाखे की दुकान लगाने को लेकर एसडीएम से मिलते व्यापारी।
- फोटो : KOTDWAR
प्रशासन की ओर से दिवाली पर पटाखों की दुकान को ग्रास्टनगंज में लगाने को लेकर व्यापारियों ने विरोध शुरू कर दिया है। उन्होंने ग्रास्टनगंज दूर होने का हवाला देते हुए शहर के खाली प्लॉट में ही पटाखे की दुकान लगाने की मांग की। कहा कि ग्रास्टनगंज दूर होने से वहां खरीदार नहीं जाएंगे।
बुधवार को कृषि उत्पादन मंडी समिति के अध्यक्ष सुमन कोटनाला के नेतृत्व में पटाखे के व्यापारी एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बदरीनाथ मार्ग पर सूर्या प्लाजा के सामने पटाखे की दुकान लगाने की मांग की। कहा कि भू स्वामी की ओर से उन्हें उनके खाली प्लॉट में पटाखों की दुकान लगाने की इजाजत दी गई है, जिस पर एसडीएम ने खाली प्लॉट में मात्र आठ से 15 दुकानों के लगने का स्थान बताते हुए व्यापारियों की मांग को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि दिवाली में पिछले साल करीब 50 लाइसेंस जारी हुए थे। ऐसे में शेष व्यापारी भी शहर में दुकान लगाने के लिए कहेंगे, जिसमें दिक्कतें आएंगी। एसडीएम ने कहा कि देवी रोड स्थित विजय गार्डन में व्यापारियों की सहमति बन गई थी, लेकिन अग्निशमन अधिकारी ने वहां पर सुरक्षा को देखते हुए उस स्थान को अपनी रिपोर्ट में रिजेक्ट कर दिया है। अब मात्र ग्रास्टनगंज ही एक मात्र स्थान बचा है, जहां पर पटाखों की दुकानें लगाई जा सकती हैं। उन्होंने व्यापारियों से सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।