कोटद्वार। गढ़वाल हितैषिणी सभा ने गढ़वाल सांसद को पत्र भेजकर संसद में उत्तराखंड के ग्रामीण इलाकों में गुलदार, भालू आदि वन्यजीवों के हमलों का मुद्दा उठाने पर आभार व्यक्त किया।
सभा के महासचिव पवन कुमार मैठानी ने पत्र में कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में रह रहे मूलनिवासी वन्य जीवों के निरंतर हमलों से दहशत में है। आए दिन वन्यजीवों के हमलों में लोग जान गंवा रहे हैं या घायल हो रहे हैं। ग्रामीण स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लेकर शासन- प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं मगर धरातल पर सरकार व वनाधिकारी कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। पौड़ी जिले में बाघ, गुलदार व भालू के हमलों से ग्रामीण परेशान हैं। जयहरीखाल, खिर्सू, पाबौ, पोखड़ा, रिखणीखाल, यमकेश्वर व कोट ब्लॉक में वन्य जीवों के असंख्य हमले हो चुके हैं। संसद के शीतकालीन सत्र में यह मुद्दा उठाने पर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी का गढ़वाल हितैषिणी सभा की ओर से आभार व्यक्त किया गया। सभा के महासचिव ने भविष्य में भी संसद में उत्तराखंड के ज्वलंत मुद्दे उठाने की उम्मीद जताई। संवाद