क्षेत्र में करीब दो महीने के बाद मंगलवार को एक किशोरी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने किशोरी को आइसोलेट कर दिया है। संक्रमित किशोरी के सीधे संपर्क में आने वाले परिजनों समेत अन्य लोगों की आरटीपीसीआर जांच कराई जा रही है।
सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि कोटद्वार के लकड़ी पड़ाव क्षेत्र की एक 13 वर्षीय किशोरी बुखार की शिकायत को लेकर अपने परिजनों के साथ 20 अगस्त को बेस अस्पताल कोटद्वार में आई थी। अधिक बुखार होने के कारण उसे अस्पताल के वार्ड में भर्ती कर दिया गया। कोविड-19 के लक्षण पाए जाने पर किशोरी की कोरोना आरटीपीसीआर जांच कराई गई, जिसमें मंगलवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। किशोरी के पॉजिटिव आने पर उसे अस्पताल के कोविड-19 वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। किशोरी के संपर्क में आए उसके परिजनों और अन्य लोगों की सूची बनाकर उनकी आरटीपीसीआर जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने तक सभी को अपने घरों में रहने के निर्देश दिए गए हैं।