कोटद्वार/कण्वघाटी। भाबर के लछमपुर में एक प्राइवेट स्कूल के उद्घाटन समारोह पर आयोजित कवि सम्मेलन में शामिल होने आए जाने-माने कवि डाॅ. कुमार विश्वास और उनके साथियों ने अपनी रचनाओं से लोगों को खूब गुदगुदाया। इस मौके पर उन्होंने जहां दिल्ली से कोटद्वार तक की बदहाल सड़क पर तंज कसा, वहीं केजरीवाल को ज्यादा पढ़े लिखे व्यक्ति की संज्ञा देते हुए उनकी वर्तमान जगह को सही बताया।
कवि सम्मेलन मुख्य आकर्षण डॉ. कुमार विश्वास व उनके सहयोगी रहे। उन्हें सुनने के लिए श्रोताओं ने कई घंटे तक इंतजार किया। उन्होंने कोटद्वार व कण्वाश्रम की प्रसिद्ध शकुंतला व राजा भरत की पूरी दास्तां सुनाई। उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर में राम लला की प्राण-प्रतिष्ठा पर सुंदर गीत गाकर दर्शकों का मन मोहा। उनकी टीम के हास्य कवि रोहित शर्मा, अनिल अगरवंशी, रमेश मुस्कान, साक्षी तिवारी व शशि त्रिपाठी ने राजनैतिक, प्रेम, देशभक्ति, संस्कृति, भाषायी सौंदर्य, व्यंग्य और वीररस से जुड़ी रचनाओं की प्रस्तुति देखकर खूब तालियां बटोरी। सम्मेलन में लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कुमार विश्वास ने देवभूमि में निवास करने वाले लोगों को सौभाग्यशाली बताया।
कुमार विश्वास ने मंच शुरू करते ही दिल्ली से कोटद्वार तक की सड़क का जिक्र करते हुए कहा कि सुना था विकास आया है, लेकिन सड़क को देखकर लग रहा है कि विकास अभी आया नहीं, सम्मेलन से पूर्व बतौर मुख्य अतिथि माता मंगला और भोले महाराज ने कहा कि कोटद्वार लगातार एजुकेशन हब के रूप में विकसित हो रहा है। स्कूलों में पाल्यों को ज्ञान देने के साथ ही संस्कारवान बनाना भी जरूरी है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह रावत, दिव्य प्रेम सेवा संस्था के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम, मीरा रतूड़ी, जयवीर सिंह रावत, उमेश द्विवेदी, स्वामी जयंत सरस्वती, कर्नल आरएस रावत (से.नि.) व निदेशक अभय रावत आदि मौजूद रहे। मंच का संचालन गणेश कुकशाल, गौरव जोशी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हर्षवर्धन बिंजोला ने संयुक्त रूप से किया।