जेएसआर मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से हीरो ऑफ दि नेफा राइफलमैन बाबा जसवंत सिंह रावत की पुण्य तिथि उनके पैतृक गांव बाड़ियों दुनाव में शौर्य दिवस के रूप में मनाई गई। इस मौके पर आयोजित राजकीय मेले में मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने कहा कि शहीदों के सपनों के अनुरूप सशक्त भारत का निर्माण होगा ओर उनके पैतृक घर को संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाएगा।
दुनाव में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने कहा कि अमर शहीद बाबा जसवंत सिंह ने नेफा की लड़ाई में 1962 में तीन दिन तक अकेले तवांग में 300 चीनी सैनिकों को मार गिराया और 23 साल की आयु में जीवन का सर्वोच्च बलिदान दिया। अकेले इतने सैनिकों की मौत से बौखलाए चीनी कमांडर उनका सिर काट कर ले गए, फिर सम्मान सहित कांस्य का सिर लौटाया। तवांग में उनका स्मारक बना है और मिथक है कि आज भी बाबा जसवंत सिंह देश की सीमा की रखवाली करते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के प्रस्तावित सैनिक धाम में शहीद बाबा जसवंत सिंह रावत का स्मारक भी बनेगा।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि भाजपा शासनकाल में सैनिकों व शहीदों के परिजनों का पूरा सम्मान किया जाता है। वर्तमान राज्य सरकार ने शहीद के परिवार के एक सदस्य को योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी देने का निर्णय लिया है। 1734 शहीद सैनिकों के आंगन की मिट्टी से देहरादून में सैनिक धाम की स्थापना की जाएगी एवं सैनिकों व परिजनों का सम्मान किया जाएगा। क्षेत्रीय विधायक दिलीप रावत ने सैनिकों की सुविधा के लिए कैंटीन वाहन की सुविधा की मांग व चंदोली में हैलीपैड बनाने की मांग की। इस अवसर पर जेएसआर ट्रस्ट के संरक्षक जगदीश पोखरियाल, अध्यक्ष कुलदीप रावत, महासचिव दलीप ध्यानी, कपिल शर्मा, प्रवीन शर्मा, सदस्य जिला पंचायत सरिता पोखरियाल, जेष्ठ उप प्रमुख कुलदीप नेगी, ब्लाक प्रमुख राजेश कंडारी, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष दिनकर पोखरियाल, दुनाव मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।
परिजनों को किया सम्मानित
केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने इस मौके पर शहीद जसवंत सिंह रावत के छोटे भाई विजय सिंह, उनकी धर्मपत्नी मधु रावत, बहन राजेश्वरी देवी व रेनू देवी को सम्मानित किया। उन्होंने हीरो ऑफ दि नेफा के नाम से प्रथम स्मारिका का विमोचन किया और वॉलीबाल प्रतियोगिता की विजेता टीम कांडा मल्ला को सम्मानित किया। मेले में आशु कला मंच पौड़ी के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं।
वीर शहीदों का किया नमन
लैंसडौन। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने लैंसडौन स्थित गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंटल सेंटर (जीआरआरसी) का दौरा किया। वह सेना के हेलीकॉप्टर से यहां पहुंचे। लैंसडौन में सेना के हेलीपैड पर रेजीमेंट के कमान अधिकारी ब्रिगेडियर हरमीत सेठी ने उनका स्वागत किया। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने वीर शहीद की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर विभिन्न युद्धों में वीरगति को प्राप्त हुए शहीदों को नमन किया। उन्होंने आज के दिन मनाए जाने वाले नूरानांग दिवस पर गढ़वाल राइफल्स के महान योद्धा राइफलमैन जसवंत सिंह को याद कर उन ऐतिहासिक पलों को सैन्य अधिकारियों के साथ ताजा किया। रक्षा राज्य मंत्री ने सैनिकों के साथ बात भी की। कमांडेंट ब्रिगेडियर हरमीत सेठी ने रक्षा राज्य मंत्री को केंद्र की ओर से संचालित प्रशिक्षण प्रणाली के बारे में बताया। केंद्रीय मंत्री ने नायक दरबान सिंह संग्रहालय को भी देखा। जीआरआरसी के जीएसओ वन ले. कर्नल अरुण थॉमस ने उन्हें रेजीमेंट की विरासत की जानकारी दी।
शिविर में 180 लोगों के आंखों की हुई जांच
कोटद्वार। मेले में द हंस अस्पताल सतपुली की ओर से आयोजित नेत्र चिकित्सा शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ विवेक भंडारी और उनकी टीम ने 180 लोगों के आंखों की जांच कर चश्मे और दवाइयां वितरित की। साथ ही 50 लोगों की आंखों में मोतियाबिंद की शिकायत पाए जाने पर उनका चयन निशुल्क ऑपरेशन के लिए किया गया। चयनित लोगों के रहने, खाने और आने जाने का खर्चा अस्पताल प्रशासन की ओर से वहन किया जाएगा। मेले में आजीविका मिशन की ओर से स्टॉल भी लगाया गया।
शहादत दिवस पर बाबा जसवंत सिंह रावत को दी श्रद्धांजलि
कोटद्वार। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से महावीर चक्र विजेता शहीद राइफलमैन बाबा जसवंत सिंह रावत को शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने झंडाचौक तक मार्चपास्ट भी निकाला।
जिला कांग्रेस कार्यालय में पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने बाबा जसवंत सिंह रावत के चित्र पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि बाबा जसवंत सिंह रावत ने अदम्य साहस और शौर्य का परिचय देते हुए वीरगति प्राप्त की। तत्कालीन इंदिरा गांधी सरकार ने उन्हें मरणोपरांत महावीर चक्र से सम्मानित किया। इस दौरान कांग्रेस सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष शंकेश्वर प्रसाद सेमवाल, कोटद्वार विधानसभा इकाई के अध्यक्ष महेंद्रपाल सिंह रावत, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय मित्तल, पूर्व राज्य मंत्री विजय नारायण सिंह, बलवीर सिंह रावत, राजेंद्र सिंह गुसाईं, उत्तम सिंह, एसके तोमर और ललित चौहान आदि मौजूद रहे। संवाद