कोटद्वार-दुगड्डा के बीच हाईवे के आठवें किमी. पर दलदल से गुजरते वाहन।
- फोटो : KOTDWAR
हाईवे पर कोटद्वार-दुगड्डा के बीच आठ किलोमीटर पर सड़क के धंसाव और पहाड़ी से आया मलबा लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। शनिवार को हो रही रिमझिम बारिश से एक बार फिर से सड़क पर फिसलन हो गई है। इसके कारण दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
28 दिसंबर को एनएच पर कोटद्वार-दुगड्डा के बीच चार साल से जर्जर हाल सड़क का करीब 50 मीटर हिस्सा भरभराकर खोह नदी में समा गया था। इसके बाद एनएच विभाग ने सड़क निर्माण के लिए पहाड़ी का कटान किया था। तब से कई दिन तक दलदल से लोग परेशान थे। बीच में करीब एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने के कारण पुश्ता निर्माण और मार्ग पर यातायात सुगमता के साथ चल रहा था लेकिन शनिवार सुबह से हो रही बारिश ने एक बार फिर से यात्रियों की मुश्किल बढ़ा दी है।
वीकेंड पर लैंसडौन, ताड़केश्वर, भैरवगढ़ी, ज्वालपा देवी समेत लैंसडौन के निकटवर्ती पर्वतीय क्षेत्रों में घूमने के लिए अन्य प्रदेशों से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। कोटद्वार-दुगड्डा के बीच आठवें किमी पर करीब 50 मीटर सड़क के इस मिट्टी भरे कच्चे हिस्से में बारिश से फिसलन होने के कारण वाहन रेंग-रेंग कर कच्चे हिस्से को पार कर रहे हैं। इसके कारण उक्त स्थान पर जाम लग रहा है।
बारिश के कारण आठवें किमी. के 50 मीटर हिस्से में फिसलन हो रही है। वाहनों को सावधानी से एक-एक कर कच्चे हिस्से को पार कराया जा रहा है। शीघ्र पुश्ता निर्माण होने के बाद समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। -अरविंद जोशी, अपर सहायक अभियंता एनएच खंड धुमाकोट